बीजेपी नेत्री ने कारोबारी पर लगाया रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप, निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का दावा

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रहने वाली एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के कारोबारी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उनकी मुलाकात करीब दो वर्ष पहले दिल्ली में रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा व्यवसायी बताते हुए माइनिंग और अन्य कारोबार में निवेश कराने का प्रस्ताव दिया। महिला का आरोप है कि, भरोसा जीतने के बाद कारोबारी ने साझेदारी और मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे बड़ी रकम निवेश करवाई। महिला ने पुलिस को बताया कि, इसी दौरान आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करने लगा। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने अलग-अलग किश्तों और बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो कारोबारी ने कथित तौर पर धमकी और अवैध वसूली शुरू कर दी। मानसिक रूप से परेशान होने के बाद महिला ने बिलासपुर के सिविल लाइन पुलिस स्टेशन बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी की तलाश में पुलिस ने झारखंड में दबिश भी दी है, लेकिन फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।