महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित गावदेवी सब्जी मंडी परिसर में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। इस दर्दनाक हादसे में ड्यूटी पर तैनात ठाणे महानगरपालिका के एक फायर स्टेशन अधिकारी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि दो अन्य दमकल कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तुरंत कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। आग इतनी विकराल और भयावह थी कि स्थिति को देखते हुए ‘ब्रिगेड कॉल’ (अधिकतम दमकल संसाधनों की आवश्यकता) घोषित करनी पड़ी।
अधिकारियों के मुताबिक, गामदेवी बाजार परिसर में जहां सब्जी और कपड़ों की कई दुकानें हैं, वहां सुबह करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते विशाल लपटों और घने धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में जान गंवाने वाले वीरों की पहचान मनपा के सुरक्षा रक्षक कालू शंकर गाडेकर (53) और अग्निशमन केंद्र के स्टेशन अधिकारी सागर शिंदे (43) के रूप में हुई है। वहीं, स्टेशन अधिकारी सुजीत पष्टे और तांडेल समीर जाधव इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
इस भीषण अग्निकांड में न सिर्फ करोड़ों रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है, बल्कि सब्जी मंडी के ऊपर स्थित ठाणे महानगरपालिका के नौपाड़ा प्रभाग समिति कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए हैं। आपदा प्रबंधन (RDMC) और पुलिस की कई टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी रहीं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
