अश्लील वीडियो भेजकर वकील से मांगे 50 हजार! रायपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का मामला, पुलिस जांच में जुटी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी और 50 हजार रुपए की मांग की। पीड़ित की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित वकील कृष्ण कुमार त्रिपाठी को 20 मई की शाम एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया। वीडियो देखने के बाद वकील हैरान रह गए।

इसके बाद आरोपियों ने दोबारा फोन कर वीडियो को सोशल मीडिया, इंटरनेट और मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी का डर दिखाकर उनसे 50 हजार रुपए की मांग की गई। हालांकि वकील ने साफ कहा कि, वीडियो से उनका कोई लेना-देना नहीं है और पैसे देने से इनकार कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे डिजिटल एक्सटॉर्शन और साइबर ब्लैकमेलिंग का मामला माना जा रहा है।