फीफा विश्व कप 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो रचेंगे इतिहास, रिकॉर्ड छठे विश्व कप के लिए पुर्तगाल की मजबूत टीम घोषित

Follow Us

पुर्तगाल। फुटबॉल के सबसे महाकुंभ यानी फीफा विश्व कप 2026 के लिए पुर्तगाल ने अपनी मजबूत 27+1 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कमान एक बार फिर दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के हाथों में होगी। 41 साल के रोनाल्डो इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में मैदान पर उतरते ही करियर का छठा विश्व कप खेलने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। उनके अलावा अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और मेक्सिको के गुइलेर्मो ओचोआ भी अपना छठा वर्ल्ड कप खेलेंगे।

पुर्तगाल को ग्रुप-K में डीआर कांगो, कोलंबिया और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है। मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने टीम में ब्रूनो फर्नांडिस, बर्नार्डो सिल्वा, जोआओ कैंसेलो और राफेल लियाओ जैसे स्टार खिलाड़ियों को शामिल कर युवा और अनुभव का शानदार संतुलन बनाया है। वहीं पुर्तगाल फुटबॉल संघ ने एक बेहद भावुक फैसला लेते हुए दिवंगत खिलाड़ी डियोगो जोटा को टीम का 28वां मानद सदस्य बनाया है, जिनका पिछले साल एक सड़क हादसे में निधन हो गया था।

यह विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है क्योंकि पहली बार अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहर मिलकर इसकी मेजबानी कर रहे हैं और पहली बार 32 के बजाय 48 टीमें हिस्सा लेंगी। नए फॉर्मेट के तहत कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जिसमें ग्रुप स्टेज के बाद एक नया ‘राउंड ऑफ 32’ नॉकआउट चरण भी जोड़ा गया है। 39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट का भव्य आगाज 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी के प्रतिष्ठित एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच ओपनिंग मैच से होगा।

पुर्तगाल की टीम अपने अभियान की शुरुआत 17 जून को फीफा प्लेऑफ टीम के खिलाफ करेगी, जबकि 23 जून को उसका सामना उज्बेकिस्तान और 27 जून को कोलंबिया से होगा। फुटबॉल फैंस के लिए इस बार का रोमांच दोगुना होने वाला है क्योंकि टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।