इंटरनेट पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का भूचाल: CJI के बयान के विरोध में बनी सटायर पार्टी ने इंस्टाग्राम पर BJP को पछाड़ा, 6 दिन में 1.1 करोड़ फॉलोअर्स

Follow Us

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) नाम का एक अनोखा और मजेदार ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। महज एक डिजिटल व्यंग्य (सटायर) के रूप में शुरू हुआ यह अकाउंट सिर्फ 6 दिनों के भीतर 1.1 करोड़ (11 मिलियन) से ज्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर चुका है। इस डिजिटल मोर्चे ने लोकप्रियता के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट (87 लाख फॉलोअर्स) को भी पीछे छोड़ दिया है और अब यह कांग्रेस (1.33 करोड़) को टक्कर दे रहा है। ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ के नारे और ‘आलसी और बेरोजगारों की आवाज’ टैगलाइन के साथ युवाओं के बीच यह पेज मीम्स के जरिए सिस्टम पर जमकर भड़ास निकाल रहा है।

इस अनोखे डिजिटल आंदोलन की शुरुआत 15 मई को चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी के विरोध में हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि, सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की गई, हालांकि बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि, उनकी टिप्पणी केवल फर्जी डिग्री के सहारे वकालत और मीडिया जैसे पेशों में घुस आए ‘परजीवियों’ के लिए थी। इस बीच, आम आदमी पार्टी के पूर्व सोशल मीडिया वॉलंटियर और फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रहे 30 वर्षीय अभिजीत दीपके ने 16 मई को X (ट्विटर) पर एक गूगल फॉर्म शेयर कर इस ‘पार्टी’ की नींव रख दी। CJP की सदस्यता के लिए चार मजेदार योग्यताएं रखी गई हैं- बेरोजगारी, आलसी होना, ऑनलाइन रहने की लत और प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता। युवाओं की नाराजगी और सिस्टम से निराशा को आवाज देने वाला यह डिजिटल मोर्चा आज इंटरनेट का सबसे बड़ा ट्रेंड बन चुका है।