नईदिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के युवाओं की रचनात्मकता और प्रतिभा को निखारने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को एक महत्वाकांक्षी योजना ‘टैलेंट हंट स्कीम – हौसलों की उड़ान 2026-27’ की घोषणा की। जन सेवा सदन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने इस योजना के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया, जिसे उन्होंने युवाओं के सपनों और उड़ते आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। इस खास मौके पर दिल्ली के कला, संस्कृति व भाषा मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह पहल सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के हुनरमंद युवाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त जरिया बनेगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू होने वाली इस योजना के लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये का बजट रखा है, जिससे करीब 25,000 से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा।

इस योजना के तहत 16 से 35 वर्ष के युवा आधिकारिक पोर्टल www.delhitalenthunt.com पर जाकर पूरी तरह मुफ्त पंजीकरण करा सकते हैं। पूरी प्रतियोगिता को चार पारदर्शी चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 7 प्रमुख विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतिभागी गायन (शास्त्रीय व लोक संगीत), नृत्य, फाइन आर्ट व डिजिटल आर्ट, मूर्तिकला, संगीत रचना, वाद्य संगीत और अभिनय (रंगमंच) जैसी श्रेणियों में अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए इस प्रतियोगिता में बड़े नकद पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है, जिसके तहत पहला स्थान पाने वाले विजेता को 2.5 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 2 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर 1.5 लाख रुपये और चौथा स्थान हासिल करने वाले को शानदार इनाम राशि दी जाएगी।
