राजस्थान में सूर्यदेव का तांडव: चित्तौड़गढ़ में पारा 46 पार, जैसलमेर से भी ज्यादा तप रहीं जयपुर की रातें, ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

Follow Us

जयपुर। राजस्थान में भीषण लू (Heatwave) का जानलेवा प्रकोप लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान से बरसती आग और गर्म रातों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के लगभग सभी जिलों में दिन का तापमान 40°C से 47°C के बीच बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ 46.3°C के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। मरुभूमि के इस दौर में केवल हिल स्टेशन माउंट आबू ही इकलौता ऐसा स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 31.7°C दर्ज किया गया, जिससे वहां कुछ राहत है।

इस बार सबसे चौंकाने वाले हालात राजधानी जयपुर में देखने को मिल रहे हैं, जहां रातें बाड़मेर और जैसलमेर जैसे रेगिस्तानी शहरों से भी ज्यादा गर्म रिकॉर्ड की जा रही हैं। जयपुर में दिन का पारा 43.2°C और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से 31.3°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इसे “गर्म रात” (Warm Night) की श्रेणी में रखा है, जिसका मतलब है कि, सूर्यास्त के बाद भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही है। इसके अलावा अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और सीकर सहित पूरा शेखावाटी क्षेत्र भी पिछले कई दिनों से भयंकर लू की चपेट में है, जिसके कारण दोपहर के समय बाजार और सड़कें पूरी तरह सुनसान नजर आ रहे हैं।

मौसम केंद्र ने आगामी तीन से चार दिनों तक उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में इसी तरह की झुलसाने वाली गर्मी का अनुमान जताया है। बुधवार को राज्य के दो जिलों में भीषण लू के चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ और 16 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। साथ ही अजमेर संभाग में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी गर्म हवाएं चलने की आशंका है, जिससे फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है।