नई दिल्ली। फनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन इंडिया की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पीछे छोड़कर आईपीएल (IPL) की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी बनकर उभरी है। रिपोर्ट में KKR की ब्रांड वैल्यूएशन 19,200 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि MI और CSK दोनों 18,400 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। वर्तमान में आईपीएल की सभी 10 फ्रेंचाइजी की कुल वैल्यूएशन 1.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जिसके साल 2032 तक बढ़कर अमेरिका की नेशनल फुटबॉल लीग (NFL) के बराबर होने का अनुमान है।

टीम वैल्यूएशन के इतर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली आईपीएल इकोसिस्टम के सबसे बड़े इंडिविजुअल ब्रांड बने हुए हैं। हुरुन इंडिया की एथलीट परफॉर्मेंस रैंकिंग में कोहली 617 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। आईपीएल इतिहास में कमाई के मामले में भी वह 230.2 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि रोहित शर्मा (227.2 करोड़) दूसरे और एमएस धोनी (200.3 करोड़) तीसरे स्थान पर हैं।


महिला प्रीमियर लीग (WPL) में आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ रुपये की कुल कमाई के साथ सबसे आगे हैं। इसके अलावा, रिपोर्ट भारत की बढ़ती स्पोर्ट्स इकोनॉमी पर भी प्रकाश डालती है, जहां क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल और कबड्डी जैसी छह प्रमुख पेशेवर लीगें फल-फूल रही हैं। हॉकी इंडिया लीग में हरमनप्रीत सिंह 78 लाख रुपये के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। खास बात यह है कि, टियर-2 और टियर-3 शहर अब देश में खेल और प्रायोजन (Sponsorship) के नए ग्रोथ सेंटर बनकर उभर रहे हैं।


