कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को होने वाली दोबारा वोटिंग से ठीक 48 घंटे पहले राजनीतिक गलियारों में बड़ा भूचाल आ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने अचानक चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। मंगलवार को अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जहांगीर ने इस फैसले का ऐलान किया। यह सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जहां से अभिषेक बनर्जी सांसद हैं, ऐसे में टीएमसी के लिए इसे एक तगड़ा झटका माना जा रहा है।
गौरतलब है कि फाल्टा विधानसभा सीट पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन ईवीएम (EVM) में गड़बड़ी और भाजपा के बटन पर टेप चिपके होने की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने यहां 21 मई को दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया था, जिसके नतीजे 24 मई को आने हैं।
जहांगीर खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी मैदान छोड़ने की वजह बताते हुए राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे फाल्टा का विकास और खुशहाली चाहते हैं, और चूंकि माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी फाल्टा के लिए एक विशेष पैकेज दे रहे हैं, इसलिए वे जनता के हित में खुद को इस चुनाव से अलग कर रहे हैं। इस चौंकाने वाले फैसले पर टीएमसी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को इस निर्णय की जानकारी मिली है, लेकिन इसके पीछे के असल कारणों की समीक्षा की जा रही है।
रोचक बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान जहांगीर खान ने फिल्म ‘पुष्पा’ के प्रसिद्ध डायलॉग “मैं झुकेगा नहीं” को दोहराकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब उनके सुर पूरी तरह बदल चुके हैं। इस बीच, गिरफ्तारी के डर से जहांगीर खान ने कलकत्ता हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका भी दायर की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होनी है।
