रोम। पांच देशों की अपनी महत्वपूर्ण यात्रा के आखिरी पड़ाव पर इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वहां की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के बीच की शानदार केमिस्ट्री एक बार फिर सुर्खियां बटोर रही है। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के नाम से मशहूर हैशटैग #Melodi की लोकप्रियता के बीच, पीएम मोदी ने मेलोनी को भारत की मशहूर टॉफी ‘मेलोडी’ (Melody) का एक खास पैकेट गिफ्ट किया है। इस अनोखे और दोस्ताना तोहफे को पाकर मेलोनी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस मुलाकात का एक खूबसूरत वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी, जिसमें वह बेहद खुश नजर आ रही हैं।
रोम पहुंचने पर पीएम मोदी का इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने अपनी खास दोस्त जॉर्जिया मेलोनी के साथ डिनर किया और दोनों नेता एक ही कार में बैठकर ऐतिहासिक कोलोसियम (Colosseum) घूमने भी गए। पीएम मोदी ने मेलोनी के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए हैं। वहीं मेलोनी ने भी गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए लिखा, ‘वेलकम टू रोम, माई फ्रेंड।’
इस आधिकारिक दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी और ‘इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर’ (IMEC) को मजबूत करने पर खास फोकस रहेगा। इसके साथ ही दोनों नेता ‘जॉइंट स्ट्रेटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029’ की समीक्षा भी करेंगे। पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे।
