ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ बड़ा आंदोलन! 20 मई को बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें, चेंबर का भी समर्थन

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में 20 मई को मेडिकल दुकानों का बंद देखने को मिलेगा। ऑनलाइन दवा बिक्री और अनियंत्रित छूट के विरोध में दवा व्यापारियों ने प्रदेशव्यापी बंद का ऐलान किया है, जिसे चेंबर ऑफ कॉमर्स का भी समर्थन मिल गया है। इस दौरान अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर को छोड़कर अधिकांश थोक और रिटेल दवा दुकानें बंद रहेंगी।

दवा व्यापारियों का आरोप है कि, ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां नियमों की अनदेखी कर भारी छूट पर दवाएं बेच रही हैं, जिससे पारंपरिक कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना पर्याप्त जांच के संवेदनशील और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है। विजय कृपलानी और वासुदेव जोटवानी ने चेंबर पदाधिकारियों से मुलाकात कर इस आंदोलन को समर्थन देने की मांग की थी। इसके बाद व्यापारिक संगठनों ने इसे जनहित से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पूर्ण समर्थन की घोषणा की। व्यापारियों का कहना है कि, यह आंदोलन केवल रोजगार बचाने के लिए नहीं, बल्कि नकली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। प्रशासन से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त निगरानी की मांग भी की गई है।