“जय श्री राम बोलो, रु.10 कम हो जाएगा”: संजय राउत का बीजेपी पर तीखा तंज, कहा- यही है महंगाई कम करने का नया मंत्र

Follow Us

मुंबई। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के फायरब्रांड नेता संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार पर करारा हमला बोला है। बीजेपी की नीतियों पर तंज कसते हुए राउत ने कहा कि, आज देश की करेंसी (रुपया) लगातार नीचे गिर रही है और तेल के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया, “जिन्हें भी महंगाई की मार पड़ रही है, खासकर जो बीजेपी के समर्थक हैं, वे बस ‘जय श्री राम’ बोलें, उनका रु.10 कम हो जाएगा। यही तो बीजेपी का असली तंत्र और मंत्र है।”

संजय राउत ने बीजेपी के पुराने दिनों की याद दिलाते हुए पूछा कि, एक जमाना था जब महंगाई बढ़ने पर बीजेपी के बड़े नेता जैसे सुषमा स्वराज और स्मृति ईरानी सड़कों पर सिलेंडर और प्याज लेकर उतर आते थे, लेकिन आज वे सब कहां छिपे हैं? उन्होंने कहा कि आज के दौर में महंगाई की मार सहना ही ‘राष्ट्रभक्ति’ बना दिया गया है।

उद्धव गुट के नेता ने जनता को नसीहत देते हुए व्यंग्य कसा कि जिन लोगों को लगता है कि, घर चलाना और चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है, उन्हें अब चुपचाप पीएम मोदी या देवेंद्र फडणवीस के घर के बाहर जाकर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने चाहिए, क्योंकि सरकार के पास बुनियादी समस्याओं का यही एकमात्र समाधान है। उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘एक हैं तो सेफ हैं’ जैसे चुनावी नारे सिर्फ जनता का ध्यान भटकाने के लिए गढ़े जा रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी।