रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बिजली गुल और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुढ़ियारी स्थित बिजली विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए CSEB के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि गुढ़ियारी और रामनगर सहित कई इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की वजह से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि, शिकायत करने पर भी विभागीय अधिकारी फोन नहीं उठाते, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सुबोध हरितवाल ने कहा कि, बिजली विभाग वर्षों से केवल “मेंटेनेंस कार्य चल रहा है” कहकर लोगों को आश्वासन देता आ रहा है, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी संजीव सिंग ने कहा कि, जिन क्षेत्रों में शिकायतें मिली थीं, वहां टीम भेजकर सुधार कार्य किया जा चुका है। विभाग आगे भी किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करेगा।
