रायपुर लिफ्ट इंसिडेंट: राजधानी में फिर हुआ ‘लिफ्ट कांड’, भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग 15 मिनट तक फंसे

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर लिफ्ट खराब होने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस बार रजबंधा मैदान स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट अचानक बंद हो गई, जिसमें भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग करीब 15 मिनट तक अंदर फंसे रहे। घटना के बाद कॉम्प्लेक्स में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सभी लोग लिफ्ट के जरिए ऊपर जा रहे थे, तभी अचानक तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने अलार्म और फोन के जरिए मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन तुरंत तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी।

बाद में सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अमित चिमनानी कॉम्प्लेक्स प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस भवन में पहले भी कई बार लिफ्ट खराब होने की शिकायतें मिल चुकी हैं और बुजुर्गों व महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि, हाल ही में ऋचा शर्मा भी रायपुर की एक कमर्शियल बिल्डिंग की लिफ्ट में फंस गई थीं। उस घटना के बाद भी लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।