वन विभाग की कार्रवाई पर बवाल: ग्रामीणों ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव, डीएफओ के खिलाफ फूटा गुस्सा

Follow Us

धमतरी। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जैतपुरी में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और गरियाबंद डीएफओ (DFO) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस आंदोलन को स्थानीय कांग्रेस नेताओं का भी पूरा समर्थन मिला है।

यह पूरा विवाद उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम जैतपुरी का है, जहां गरियाबंद डीएफओ अपनी टीम के साथ कथित अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिसमें डीएफओ बाल-बाल बचे। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम ने बिना किसी पूर्व समझाइश या नोटिस के जबरन लोगों को घरों से उठाना शुरू कर दिया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विभाग की इस बर्बरता में कई ग्रामीणों को चोटें आई हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की पूरी जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस मुस्तैद है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।