जगदलपुर में बवाल: गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन देने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने बीच रास्ते में रोका, बैरिकेड पर तीखी नोकझोंक

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर के स्थानीय और संवेदनशील मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया। जगदलपुर में आयोजित ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ की हाई-प्रोफाइल बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपने का कांग्रेसियों का यह कार्यक्रम भारी हंगामे में बदल गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) दीपक बैज की अगुवाई में बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम और दर्जनों वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का दल जैसे ही राजीव भवन से बैठक स्थल की ओर रवाना हुआ, पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए मिताली चौक पर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी। कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कड़ा घेरा तैयार किया था, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।

मुलाकात की इजाजत न मिलने से नाराज कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को ही अपना ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दीपक बैज ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मिलकर बस्तर के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है और बस्तरवासियों की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने गृहमंत्री से न मिलने देने को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। इस सियासी हंगामे के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।