फ्लैट में गोमांस पकाने की खबर पर हिंदू संगठन का हंगामा, नशे में मिले पति-पत्नी पुलिस हिरासत में

Follow Us

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर वांबे स्थित एक फ्लैट में कथित रूप से गोमांस पकाकर खाने की सूचना पर मंगलवार को भारी हंगामा हो गया। खबर मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और मामला शांत कराया।

कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोशले के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि फ्लैट निवासी विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी गोमांस पका रहे थे। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी पति-पत्नी भारी नशे की हालत में पाए गए। पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय महिलाओं की मदद से आरोपी महिला को बाहर निकाला, जबकि उसके पति को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से कच्चे और पके हुए मांस के टुकड़े जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह दंपती लंबे समय से बाहर से मांस लाकर फ्लैट में सुखाता और खाता था। मोहल्ले वालों के बार-बार विरोध के बावजूद जब वे नहीं माने, तो लोगों ने हिंदू संगठन और पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल, हिंदू संगठन की लिखित शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।