नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग का असर अब घरेलू बाजार पर साफ दिखने लगा है। देशवासियों को पांच दिन के भीतर दूसरा बड़ा झटका देते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की और बढ़ोतरी कर दी है। इस नए इजाफे के बाद पिछले पांच दिनों में तेल के दाम करीब 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल की कीमत 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है। अन्य महानगरों की बात करें तो कोलकाता में पेट्रोल 109.70 रुपये, चेन्नई में 104.49 रुपये और जयपुर में 108.84 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

तेल के दामों में आ रहे इस उछाल के पीछे अमेरिका-ईरान तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (Crude Oil) का 100-110 डॉलर प्रति बैरल के पार जाना है। भारत अपनी जरूरत का 85% से अधिक तेल आयात करता है, जिससे वैश्विक तेजी का सीधा असर यहां पड़ता है। डीजल के महंगे होने से माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर फल, सब्जी और रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतों पर पड़ेगा। इससे आने वाले दिनों में खुदरा महंगाई बढ़ने और आम परिवारों का बजट बिगड़ने की पूरी आशंका है। इसके साथ ही, दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी (CNG) की कीमतें भी 80 रुपये के पार पहुंच चुकी हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर चौतरफा मार पड़ी है।

