CG वेदर अपडेट: बारिश के बाद फिर बढ़ेगी तपिश, छत्तीसगढ़ में 4 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से राहत दे रही बारिश और बादलों का असर अब कमजोर पड़ने लगा है, जिसके चलते प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सोमवार को तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, वातावरण में नमी कम होने और मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने के कारण अब गर्मी का असर फिर तेज होगा।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। इसके बावजूद दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के बाद केरल पहुंच सकता है।