रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना अब राजनीतिक बयानबाजी का बड़ा मुद्दा बन गई है। मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई इस वारदात ने जहां पुलिस की चिंता बढ़ा दी है, वहीं सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। घटना को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है। उन्होंने मोबाइल चोरी की घटना को रथयात्रा से जोड़ते हुए कहा कि, कुछ लोग छोटी-छोटी इच्छाएं लेकर भगवान के पास जाते हैं और भगवान भी उनकी छोटी मांगें जल्दी पूरी कर देते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि, रथयात्रा में जहां कुछ लोग बड़े सपने लेकर निकलते हैं, वहीं कुछ लोग चप्पल चोरी करने की नीयत से भी पहुंचते हैं। मोबाइल भी उसी तरह की छोटी चीज है। हालांकि उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग भी की। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि सरकार “डायल 112” को हरी झंडी दिखा रही है और दूसरी तरफ चोर नेताओं के मोबाइल लेकर फरार हो रहे हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह राज्य में मौजूद हैं, तब राजधानी में ऐसी घटना होना सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल खड़ा करता है।
