धमतरी। जिले में आत्महत्या के तीन अलग-अलग मामलों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। दो युवकों समेत एक अधेड़ व्यक्ति ने अलग-अलग घटनाओं में अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। लगातार सामने आई इन घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है। पहला मामला बंजारी गांव का है, जहां युवक गगन साहू ने घर के आंगन में लगे आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं दूसरा मामला अर्जुनी क्षेत्र से सामने आया, जहां युवक रेखराम मरकाम ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब उसे देखा तो तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तीसरी घटना नगरी इलाके की है। यहां एक अधेड़ व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तीनों मामलों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
