रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1740 घनमीटर रेत और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई सीएम विष्णु देव साय के निर्देश पर चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत की गई। प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खनिज विभाग लगातार अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कस रहा है। विभागीय टीम दिन-रात निगरानी कर रही है और रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण, छापेमारी तथा ड्रोन तकनीक की मदद से अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के पास बड़ी मात्रा में बिना अनुमति रेत का भंडारण मिला। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी पकड़ा गया, जिन्हें आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि, आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
