चेन्नई। साउथ सुपरस्टार सूर्या और त्रिशा कृष्णन स्टारर फिल्म ‘करुप्पु’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होते ही तबाही मचा दी है। यह फिल्म सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों (ओपनिंग वीकेंड) के अंदर ही भारत में रू.68 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। वहीं ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रू.42 करोड़ का बिजनेस किया। दोनों को मिलाकर ‘करुप्पु’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन महज तीन दिनों में रू.120.75 करोड़ के पार पहुंच गया है।
इस धमाकेदार कमाई के साथ ही सूर्या ने अपनी पिछली फिल्म ‘कंगुवा’ का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड ( रू.105 करोड़) तोड़ दिया है। इतना ही नहीं, यह फिल्म शिवकार्तिकेयन की ‘पराशक्ति’ को पीछे छोड़ते हुए साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म भी बन गई है। दिलचस्प बात यह है कि, फिल्म को यह कामयाबी तब मिली है जब रिलीज के पहले दिन मेकर्स और फाइनेंसरों के बीच रू.50 करोड़ के कर्ज से जुड़े विवाद के चलते कई थिएटर्स में शो और प्रीमियर कैंसिल करने पड़े थे।

इस विवाद के बावजूद दर्शकों के जबरदस्त क्रेज ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया है। आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन, कोर्टरूम ड्रामा और इमोशनल सीन्स का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है। फिल्म में सूर्या और त्रिशा दोनों ही वकीलों के किरदार में न्याय के लिए लड़ते नजर आ रहे हैं, जिसे फैंस बेहद पसंद कर रहे हैं।
