रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार के अधूरे चुनावी वादों को लेकर NSUI ने आज रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के साथ विरोध दर्ज कराया। दरअसल विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान किए गए वादों को पूरा न किए जाने के विरोध में आज NSUI के उत्तर विधानसभा अध्यक्ष अनुज शुक्ला के नेतृत्व में रायपुर में प्रदर्शन हुआ। NSUI कार्यकर्ता हाथों में गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे और 500 में सिलेंडर, रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े बीजेपी के चुनावी वादों को प्रतीकात्मक रूप से जलाकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिन वादों पर जनता ने भरोसा किया था, वे आज सिर्फ काग़ज़ों तक सीमित रह गए हैं। महंगाई बढ़ रही है, बेरोज़गारी बढ़ रही है और छात्रों का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है। बीजेपी ने चुनाव से पहले सस्ते सिलेंडर, रोज़गार और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद कोई वादा पूरा नहीं हुआ। NSUI लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को उसके वादे याद दिलाती रहेगी। NSUI ने साफ़ किया है कि जब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और छात्र हितों से जुड़े वादे पूरे नहीं होते, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल, कुणाल दुबे, पुनेश्वर लहरे, गावेश साहू, अंकित बंजारे, तनिष्क मिश्रा और अरसलान शेख सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ़ नारेबाज़ी की।
