चंडीगढ़। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत का बड़ा संदेश देने के लिए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर ने एक बार फिर सादगी की मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए वे अपने स्टाफ और हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के साथ भारतीय रेल (Indian Railways) में आम यात्रियों की तरह सफर करते नजर आए। वे एक जरूरी बैठक में शामिल होने के लिए ट्रेन से जा रहे थे।
मनोहर लाल खट्टर ने देशवासियों से अपील की है कि, वे अपने दैनिक जीवन में निजी गाड़ियों की जगह ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि, समाज के हर व्यक्ति के छोटे-छोटे प्रयासों से ही पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव संभव है। उल्लेखनीय है कि वे लंबे समय से अपने लोकसभा क्षेत्र करनाल और हरियाणा प्रवास के दौरान इस तरह जनता के बीच सफर करते रहे हैं।
इस पहल को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री ने खुद कम से कम सरकारी वाहनों का उपयोग करने का संकल्प लिया है। उन्होंने अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि, आधिकारिक दौरों के दौरान गाड़ियों के अनावश्यक काफिले और वीआईपी कल्चर से पूरी तरह बचा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों और अफसरों को खुद उदाहरण पेश कर समाज को प्रेरित करना चाहिए, क्योंकि प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग ही आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण दे सकता है।
