दुर्ग। जिले में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये की अफीम बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया कि, आरोपी झारखंड से नशीला पदार्थ लाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। लंबे समय से इस नेटवर्क के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाकर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से झारखंड के गुमला क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 12 मई को दोनों आरोपियों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी है। इससे पहले भी दुर्ग पुलिस नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। अप्रैल महीने में भिलाई नगर पुलिस ने पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा था। पुलिस का कहना है कि, जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
