केरल में कांग्रेस की नई पारी शुरू, वीडी सतीशन होंगे मुख्यमंत्री

Follow Us

तिरुवनंतपुरम। केरल की राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहा मुख्यमंत्री चेहरे का सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। कांग्रेस ने गुरुवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए वीडी सतीशान को राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुना है। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से पार्टी के भीतर लगातार मंथन और बैठकों का दौर जारी था, जिसके बाद हाईकमान ने सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी। परावूर सीट से छह बार विधायक रहे वीडी सतीशन को कांग्रेस की जीत का सबसे बड़ा चेहरा माना जा रहा है। उन्होंने पूरे चुनाव अभियान में आक्रामक अंदाज में वाम मोर्चे को घेरा और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाई।

यही वजह रही कि पार्टी नेतृत्व और सहयोगी दलों का भरोसा उनके पक्ष में जाता दिखाई दिया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला जैसे दिग्गज नेताओं के नाम भी शामिल थे, लेकिन अंत में सतीशन सबसे मजबूत दावेदार साबित हुए। खास बात यह रही कि सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने खुलकर उनके समर्थन में आवाज उठाई। 4 मई को आए चुनाव नतीजों में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलडीएफ के 10 साल पुराने शासन को सत्ता से बाहर कर दिया। कांग्रेस गठबंधन की इस जीत के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं।