सीएम भगवंत मान और भाजपा अध्यक्ष जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में 1984 और बेअंत सिंह हत्याकांड का जिक्र

Follow Us

चंडीगढ़। पंजाब में स्कूलों और सरकारी इमारतों के बाद अब सूबे की सबसे बड़ी राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने का एक खौफनाक ईमेल सरकारी विभागों की ऑफिशियल आईडी पर मिला है। इस धमकी भरे मेल के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

ईमेल भेजने वाले ने चेतावनी दी है कि, दोनों नेताओं का हश्र पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा किया जाएगा। जाखड़ को 6 जून तक ‘उड़ाने’ की बात कही गई है, साथ ही दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय को भी बम से दहलाने की धमकी दी गई है। मेल में धमाकों का समय तो दोपहर 1:11 और रात 9:11 बजे बताया गया है, लेकिन तारीख का जिक्र नहीं है। इसमें ‘खालिस्तान’ और 1984 के दंगों का हवाला देकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी है। सुरक्षा के मद्देनजर पंजाब भाजपा मुख्यालय में सीआरपीएफ और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।