सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती; राहुल-प्रियंका पहुंचे साथ

Follow Us

चंडीगढ़। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की तबीयत एक बार फिर खराब होने के बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता – द मेडीसिटी में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें आंख से जुड़ी समस्या के चलते अस्पताल लाया गया, जहां उनकी माइनर सर्जरी की तैयारी की गई। इस दौरान उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी अस्पताल में मौजूद रहे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और सर्जरी के बाद उन्हें जल्द डिस्चार्ज किया जा सकता है।

इससे पहले मार्च 2026 में भी उन्हें सीने में तकलीफ और सांस संबंधी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रही हैं। उन्हें पेट, फेफड़ों और सांस से जुड़ी समस्याएं रहती हैं। साल 2011 में उन्होंने अमेरिका में कैंसर का इलाज भी कराया था। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार चलता रहा है। स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद सोनिया गांधी अब भी कांग्रेस की रणनीतिक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में केरल की राजनीति और सरकार गठन को लेकर भी पार्टी के भीतर उनकी राय को बेहद अहम माना जा रहा है।