दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित खपरी गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक मकान में अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में घर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक चार साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर के समय अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। आग की भयावह लपटों के कारण घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि किसी की मदद कारगर साबित नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तो घर के भीतर से चार लोगों के शव बरामद हुए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
