विकास सिर्फ कागजों में! ग्रामीणों को नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं

Follow Us

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र का कारकानार गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। यहां रहने वाले करीब 250 ग्रामीण पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत जरूरतों से वंचित हैं। हालात इतने खराब हैं कि, लोगों को पीने के लिए नाले और खेतों में जमा गंदा पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि, गांव में हैंडपंप लगाया गया था, लेकिन उससे पानी नहीं निकलता। मजबूरी में महिलाओं को रोज 2 से 3 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए नल केवल दिखावे तक सीमित हैं। गांव में पाइपलाइन और पानी टंकी का काम अधूरा पड़ा है और आज तक किसी नल से पानी नहीं आया।

बिजली व्यवस्था का हाल भी कुछ ऐसा ही है। गांव में वर्षों पहले बिजली के पोल और तार लगाए गए थे, लेकिन अब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हुई। सड़क और पुल-पुलिया नहीं होने के कारण बारिश में गांव का संपर्क लगभग कट जाता है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शुद्ध पेयजल, बिजली और सड़क की मांग की, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला। मामले में कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि, क्षेत्र पहले नक्सल प्रभावित रहा है, फिर भी प्रशासन जल्द हैंडपंप सुधारने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश करेगा। गांव वालों की मांग है कि, जल्द बोरवेल, सड़क और बिजली की सुविधा शुरू की जाए ताकि उन्हें सामान्य जीवन मिल सके।