सड़क हादसे ने छीना साउथ का उभरता सितारा: 31 की उम्र में एक्टर भरत कांत का निधन, फैंस स्तब्ध

Follow Us

हैदराबाद। मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु फिल्मों के उभरते अभिनेता और मशहूर कंटेंट क्रिएटर भरत कांत की एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। रविवार, 10 मई की देर रात हैदराबाद के आउटर रिंग रोड (ORR) पर उनकी कार एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। भरत मात्र 31 वर्ष के थे।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना आदिबतला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एग्जिट नंबर 12 के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में भरत के साथ मौजूद उनके साथी जी. साई त्रिलोक की भी जान चली गई है। आदिबतला पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि आखिर यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

भरत कांत केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने 2021 की फिल्म ‘ग्रामम’ और हालिया रिलीज ‘टेनेंट’ (2024) में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया था। इसके अलावा वह ‘गीतांजलि’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आए थे। भरत अपने बेहतरीन डांस मूव्स के लिए जाने जाते थे और उनके यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर हजारों की तादाद में फॉलोअर्स थे।

उनकी मौत की खबर मिलते ही फैंस और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने लिखा, “विश्वास नहीं होता कि तुम इतनी जल्दी चले गए, तुम्हारी कला हमेशा हमारे बीच रहेगी।” महज 15 दिन पहले ही उन्होंने अपनी एक फोटो शेयर करते हुए फैंस की तारीफ की थी, किसे पता था कि यह उनका आखिरी पोस्ट साबित होगा।