मुंबई। स्मृति मंधाना के एक्स मंगेतर पलाश मुछाल एक बार फिर बड़ी मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। इस बार मामला स्मृति मंधाना ने जुड़ा हुआ नहीं, बल्कि उनके दोस्त की वजह से है और इस बार मामला ज्यादा गंभीर बताया जा रहा है। दरअसल रिपोर्ट्स के मुताबिक, पलाश मुछाल पर अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। यह शिकायत सांगली के रहने वाले विज्ञान प्रकाश माने ने दर्ज कराई है, जो स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त बताए जा रहे हैं। वहीं शिकायत के अनुसार, यह घटना 22 नवंबर को सांगली-अष्टा रोड पर एक टोल प्लाजा पर हुई। माने का आरोप है कि बहस के दौरान पलाश मुछाल ने जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1) के साथ-साथ अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। आपको बता दें की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा है। पुलिस का कहना है कि पलाश मुछाल ने एक फिल्म प्रोजेक्ट के लिए विज्ञान माने से 25 लाख रुपये लिए थे। बाद में माने ने पैसे वापस मांगे, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विज्ञान माने ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘उन्होंने मुझसे कहा था कि फिल्म 6 महीने में पूरी हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब मैंने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने टालमटोल की। जब मैंने उनसे इस बारे में बात की, तो उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे मैं कैमरे पर भी नहीं दोहरा सकता। उनका रवैया काफी परेशान करने वाला था।’ इस मामले के सामने आने के बाद पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना के पुराने रिश्ते की भी चर्चा हो रही है। दोनों की पहले सगाई हो चुकी थी और नवंबर 2025 में सांगली में शादी होने वाली थी। हालांकि बाद में शादी रद्द हो गई और दोनों ने सोशल मीडिया पर अपने अलग होने की जानकारी दी। अलग होने की वजह सार्वजनिक नहीं की गई। वहीं पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। फिलहाल इस मामले में और कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जैसे-जैसे यह मामला आगे बढ़ेगा, इससे जुड़ी कानूनी प्रक्रिया और दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाओं पर सबकी नजर बनी रहेगी।
स्मृति मंधाना के मंगेतर पलाश मुछाल की बढ़ी मुश्किलें! सांगली में दर्ज हुई शिकायत, जानें क्या है पूरा विवाद
