पश्चिम बंगाल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद हिंसा ने गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी कोलकाता से लेकर आसनसोल तक कई इलाकों में आगजनी, तोड़फोड़ और झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक दफ्तर को बुलडोजर से गिरा दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि, यह कार्यालय अवैध कब्जे पर बना था। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ीं। वहीं आसनसोल के कोर्ट मोड़ क्षेत्र में TMC के एक कार्यालय में देर रात आग लगा दी गई, जिससे दफ्तर पूरी तरह जलकर खाक हो गया और पास की दुकानें भी प्रभावित हुईं।
राज्य में बढ़ती हिंसा के बीच बीजेपी और TMC कार्यकर्ताओं के बीच टकराव भी तेज हो गया है। अलग-अलग घटनाओं में दोनों दलों के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। बीरभूम में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या का आरोप बीजेपी समर्थकों पर लगा है, जबकि न्यू टाउन में एक बीजेपी कार्यकर्ता की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने राज्य प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ाने और हिंसा फैलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल, राज्य के कई हिस्सों में तनाव बना हुआ है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
