रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। रायपुर समेत पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मंगलवार शाम राजधानी में तेज अंधड़ और झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है।
विशेषज्ञों का कहना है कि, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग स्तरों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
इन सिस्टम्स के असर से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। राजधानी रायपुर में आज भी आंशिक बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट से राहत जारी रहने की उम्मीद है।
