मुंबई। फिल्म भूत बंगला को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच निर्देशक प्रियदर्शन ने बड़ा बयान देकर सभी अफवाहों पर विराम लगाने की कोशिश की है। हाल ही में खबरें वायरल हुई थीं कि फिल्म में अभिनेत्री तब्बू का रोल एडिटिंग के दौरान कम कर दिया गया है, जिससे वह नाराज हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि, इसमें अभिनेता अक्षय कुमार की भूमिका बताई जा रही थी।

इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियदर्शन ने साफ कहा कि, फिल्म की एडिटिंग और कहानी से जुड़े सभी फैसले सिर्फ निर्देशक के होते हैं। उन्होंने कहा कि, न तो अक्षय कुमार ने किसी तरह का दबाव बनाया और न ही तब्बू नाराज हैं। उनके अनुसार, जो भी शूट किया गया है, वह फिल्म का हिस्सा है और किसी भी कलाकार को इससे कोई आपत्ति नहीं है। प्रियदर्शन ने यह भी कहा कि, वह पिछले कई वर्षों से तब्बू के साथ काम कर रहे हैं और उनके बीच हमेशा प्रोफेशनल रिश्ता रहा है। अगर कोई समस्या होती तो वह सीधे उनसे बात करतीं।

उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर भी नाराजगी जताई और इसे पूरी तरह गलत बताया। ‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है जो 17 अप्रैल को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर चुकी है। फिल्म में कई बड़े कलाकार शामिल हैं और यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
