रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांच का गवाह बनने जा रही है। 10 और 13 मई को यहां दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 3 मई से शुरू होगी, जो केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आधिकारिक वेबसाइट s.com/ticket और ऐप पर ही उपलब्ध होगी। आयोजकों ने फैंस को किसी भी फर्जी वेबसाइट से टिकट न खरीदने की सख्त सलाह दी है। 10 मई को RCB का मुकाबला मुंबई इंडियन्स से होगा, जबकि 13 मई को टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।
टीम प्रबंधन के अनुसार RCB 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां करीब 6 दिन तक कैंप करेगी, जिसमें मैदान पर प्रैक्टिस सेशन भी शामिल होंगे। मुंबई इंडियंस की टीम भी 8 मई के बाद शहर पहुंचने की संभावना है। टिकटों की कीमत ₹2000 से शुरू होकर ₹8000 तक रखी गई है, जबकि प्रीमियम प्लैटिनम सीटों के सामने से कांच के पैनल हटाए गए हैं, जिससे दर्शक खिलाड़ियों को और करीब से देख सकेंगे। यह बदलाव फैंस के अनुभव को और रोमांचक बनाने के लिए किया गया है। रायपुर में होने वाले ये मुकाबले न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होंगे, बल्कि शहर के लिए एक बड़े खेल उत्सव जैसा माहौल भी तैयार करेंगे।
