धारदार चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाला युवक मुंगेली में गिरफ्तार

Follow Us

मुंगेली। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत सरगांव पुलिस ने धारदार चाकू के साथ लोगों को धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहगीरों को चाकू दिखाकर डराता और भय का माहौल फैलाता था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित घटना टल गई। सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में मिली। पुलिस को मुखबिर से पता चला कि मौहार पारा जाने वाली सड़क पर युवक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घूमते हुए लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना सरगांव पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास धारदार चाकू और मोटरसाइकिल (CG 10 U / 8232) बरामद की गई। आरोपी ने अपनी पहचान विजय साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 8, सरगांव के रूप में बताई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मारपीट करने और लोगों को डराने के इरादे से चाकू लेकर घूम रहा था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरगांव में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा। थाना प्रभारी संतोष शर्मा और सरगांव पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत दें, ताकि समाज में सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।