दो दर्दनाक घटनाएं: ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका, दूसरी जगह मिली क्षत-विक्षत लाश

Follow Us

डोंगरगढ़/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ और बिलासपुर जिलों में शुक्रवार को दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डोंगरगढ़ के अछोली गांव में 36 वर्षीय ऑटो चालक अमित हत्थेल का शव सुदर्शन पहाड़ के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं दूसरी घटना बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र की है, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि, युवक को किसी वाहन से कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया है ताकि सुराग जुटाए जा सकें। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कहा है कि, जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।