दुनिया के चर्चित टेक अरबपति एलन मस्क और OpenAI के बीच विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल चुका है। हाल ही में कोर्ट में सुनवाई के दौरान मस्क ने चौंकाने वाला बयान देते हुए खुद को “बेवकूफ” तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि, कंपनी की शुरुआती सोच और वर्तमान मॉडल में बड़ा बदलाव हुआ है। मस्क ने कोर्ट में कहा कि, Sam Altman और Greg Brockman ने उन्हें शुरुआत में भरोसा दिलाया था कि OpenAI एक नॉन-प्रॉफिट संस्था के रूप में काम करेगी।
इसी विश्वास के चलते उन्होंने करीब 38 मिलियन डॉलर की फंडिंग बिना किसी बड़े लाभ की उम्मीद के दी। लेकिन अब, उनके मुताबिक, कंपनी पूरी तरह मुनाफे पर केंद्रित टेक दिग्गज बन चुकी है। मस्क ने Microsoft के साथ OpenAI की साझेदारी पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि यह गठजोड़ मूल उद्देश्य से भटकने का संकेत है।
उन्होंने कोर्ट से 150 अरब अमेरिकी डॉलर के हर्जाने की मांग की है, जो इस विवाद को और बड़ा बना देता है। वहीं OpenAI की तरफ से पेश वकील ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मस्क का यह कदम सिर्फ इसलिए है क्योंकि कंपनी ने उनके सुझावों को नहीं माना। उनका दावा है कि OpenAI अब भी अपने मूल सिद्धांतों पर कायम है। यह मामला टेक दुनिया में AI के भविष्य, पारदर्शिता और कॉर्पोरेट नियंत्रण को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।
