श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा धमाका: अध्यक्ष शम्मी सिल्वा समेत पूरे बोर्ड का इस्तीफा, प्रशासन में मचा हड़कंप

Follow Us

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक भूचाल देखने को मिला, जब बोर्ड अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ ही पूरे कार्यकारी बोर्ड ने भी सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया, जिससे देश के क्रिकेट प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एसएलसी द्वारा जारी आधिकारिक बयान में पुष्टि की गई है कि, सभी इस्तीफे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिए गए हैं। इसके बाद अब बोर्ड का संचालन एक अंतरिम समिति को सौंपा जाएगा, जो आगे की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।

सूत्रों के अनुसार, यह बड़ा कदम श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा क्रिकेट बोर्ड में सुधार और पुनर्गठन को लेकर दिए गए बयान के बाद सामने आया है। माना जा रहा है कि, राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक बदलाव की संभावनाओं के चलते यह सामूहिक इस्तीफा लिया गया। बोर्ड ने इस निर्णय की जानकारी राष्ट्रपति और खेल मंत्रालय को भी औपचारिक रूप से दे दी है।

अब अंतरिम व्यवस्था के तहत पूर्व सांसद एरन विक्रमरत्ने को अस्थायी रूप से प्रमुख जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है, जो नई कार्यकारी समिति के गठन तक संचालन संभाल सकते हैं। शम्मी सिल्वा ने 2019 में अध्यक्ष पद संभाला था और उनके कार्यकाल में कुछ अंतरराष्ट्रीय सफलताएं भी मिलीं, लेकिन हाल के वर्षों में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया। खासकर आईसीसी टूर्नामेंट्स में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे। अब इस बड़े बदलाव के बाद श्रीलंका क्रिकेट एक नए प्रशासनिक दौर में प्रवेश करता दिख रहा है, जहां भविष्य की दिशा तय करने के लिए अहम फैसले लिए जाएंगे।