नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक कार्यक्रम में पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, आजादी के समय भारत और पाकिस्तान एक साथ स्वतंत्र हुए थे, लेकिन दोनों देशों की दिशा पूरी तरह अलग हो गई। उन्होंने कहा कि, भारत आज दुनिया में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) हब के रूप में जाना जाता है, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद का केंद्र बन गया है राजनाथ सिंह ने कहा कि, आतंकवाद केवल एक राष्ट्र-विरोधी गतिविधि नहीं है, बल्कि इसके कई आयाम हैं और इससे निपटने के लिए ऑपरेशनल, आइडियोलॉजिकल और पॉलिटिकल स्तर पर एक साथ काम करना जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अब पहले जैसा देश नहीं रहा, जो केवल बयानबाजी तक सीमित रहता था। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि, यह भारत की नई ताकत का प्रतीक है। इस ऑपरेशन के दौरान भारत पूरी तरह तैयार था, यहां तक कि, यदि लंबी लड़ाई की जरूरत पड़ती, तो देश उसके लिए भी सक्षम था। रक्षा मंत्री ने बताया कि, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की।
यह ऑपरेशन महज 72 घंटे में पूरा हुआ, लेकिन इसकी तैयारी लंबे समय से चल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत ने पहले सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिए अपना रुख स्पष्ट किया है और अब आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक हालात में दुनिया अस्थिरता से गुजर रही है और “न्यू वर्ल्ड ऑर्डर” वास्तव में ऐसा दौर है जिसमें कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं दिखती।
