बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार “सही दवा, शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान” के तहत संयुक्त टीम द्वारा खाद्य एवं औषधि के छोटे-बड़े सभी दुकानों की जांच कर गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को संयुक्त टीम द्वारा भाटापारा में पोहा और दाल मिलों का गहन निरीक्षण किया गया। टीम ने जग्गी पल्सेस, विजन फूड्स, मोनी पल्सेस, तिरुपति मिल एवं श्री साई बाबा उद्योग से उड़द दाल, अरहर दाल और पोहा के नमूने संकलित कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। जग्गी पल्सेस के उत्पादन इकाई में साफ-सफाई की कमी और पुराने कबाड़ पाए जाने के कारण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया गया। सभी पोहा और दाल मिल संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के लेबलिंग एंड डिस्प्ले रेगुलेशन 2020 के तहत निर्देश दिए गए हैं कि पैक्ड खाद्य पदार्थों पर उत्पाद तिथि, बैच नंबर और पोषण सूचना आवश्यक रूप से अंकित की जाए।
पोहा और दाल मिल में गंदगी मिलने पर बलौदाबाजार में नोटिस जारी
