भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान गिरेगा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और आंधी-बारिश की संभावना जताई है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि रायपुर में तापमान 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में भी तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 1-2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिलेगी। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के पीछे कई सक्रिय सिस्टम जिम्मेदार हैं, जिनमें चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका शामिल हैं। रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने और शाम या रात में हल्की बारिश की संभावना है। कुल मिलाकर, भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों को कुछ राहत दे सकता है, लेकिन सतर्क रहने की सलाह दी गई है।