10वीं बोर्ड टॉपर्स की कहानी: कोई बनेगी अफसर, कोई डॉक्टर-जानिए संध्या और रिया की सफलता का राज

Follow Us

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में 10वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजों ने कई होनहार छात्रों की मेहनत को नई पहचान दी है। महासमुंद जिले की छात्रा संध्या नायक और रिया केशरवानी ने टॉपर्स में जगह बनाकर अपने परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है। संध्या नायक ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप-10 में स्थान पाया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

संध्या ने बताया कि, वह रोज 2 से 3 घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं और घर के कामों में भी अपनी मां का सहयोग करती थीं। उनकी रुचि गणित में है और आगे वे इस विषय के साथ पढ़ाई जारी रखेंगी। संध्या का सपना डिप्टी कमिश्नर बनकर प्रशासनिक सेवा में जाना है। इसके लिए वे आगे CGPSC की तैयारी करने की योजना बना रही हैं।

वहीं रिया केशरवानी ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि, वे रोज सुबह और शाम पढ़ाई करती थीं और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी थी। रिया का लक्ष्य डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। रिया के पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि संध्या के परिवार की पृष्ठभूमि कृषि से जुड़ी है। दोनों छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें सफलता दिलाई। इन टॉपर्स की कहानियां यह साबित करती हैं कि, लगन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।