गाजा में इजरायल का बड़ा एयरस्ट्राइक दावा: हमास खुफिया प्रमुख ढेर, 7 अक्टूबर हमले से जुड़ाव का आरोप

Follow Us

गाजा पट्टी में इजरायली सेना और हमास के बीच जारी तनाव के बीच एक बार फिर बड़ा सैन्य दावा सामने आया है। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने बुधवार को कहा कि, उसने उत्तरी गाजा में किए गए एक हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ खुफिया अधिकारी इयाद अहमद अब्द अल-रहमान शंबारी को मार गिराया है। शंबारी हमास की खुफिया इकाई में ऑपरेशन प्रमुख के तौर पर कार्यरत था।

सेना के अनुसार, शंबारी इजरायली सैनिकों के खिलाफ खुफिया गतिविधियों और रणनीतिक जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाता था, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा होता था। IDF और इजरायली सुरक्षा एजेंसी शिन बेट का दावा है कि वह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले की योजना में भी शामिल था, जिसे इतिहास के सबसे घातक हमलों में से एक माना जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब शंबारी अपने बेटे के साथ एक वाहन में यात्रा कर रहा था, और तभी हवाई मिसाइल दागी गई। गाजा सिविल डिफेंस के अनुसार, इस हमले में कुल चार लोगों की मौत हुई है। उल्लेखनीय है कि, 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजरायल पर अचानक बड़ा हमला किया था, जिसमें लगभग 1200 लोगों की मौत हुई थी और 240 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इजरायल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया, जो लंबे समय तक चला। अक्टूबर 2025 में युद्धविराम के बावजूद, क्षेत्र में हिंसा और हवाई हमले लगातार जारी रहे हैं।