रायपुर करेंसी टावर लिफ्ट हादसा! तकनीकी खामियां उजागर, 7 दिन में सुधार नहीं तो होगी बड़ी कार्रवाई

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में कैप्सूल लिफ्ट क्रमांक-02 के बीच में रुक जाने की घटना की जांच में गंभीर तकनीकी खामियां सामने आई हैं। यह घटना 20 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब लिफ्ट अचानक बीच में फंस गई थी। मुख्य विद्युत निरीक्षणालय की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में डीजल जनरेटर और यूपीएस की बैकअप व्यवस्था तो मौजूद थी, लेकिन ऑटोमैटिक चेंजओवर सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाया। इसी कारण लिफ्ट को निरंतर बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी और वह बीच रास्ते में ही रुक गई।

अधिकारियों के अनुसार, घटना के दिन जैसे ही बिजली गई, सिस्टम को बैकअप पर स्विच होना था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण यह प्रक्रिया फेल हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि, संबंधित एजेंसी द्वारा वारंटी के तहत लिफ्ट का रखरखाव किया जा रहा है, लेकिन सिस्टम की खामियां पूरी तरह दूर नहीं हुई हैं। मुख्य विद्युत निरीक्षकालय ने सभी तकनीकी कमियों को ठीक करने के लिए 7 दिनों की समय-सीमा तय की है।

चेतावनी दी गई है कि, यदि तय समय में सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और 48 घंटे का नोटिस जारी कर विद्युत आपूर्ति भी बंद की जा सकती है। गौरतलब है कि, इस लिफ्ट में छत्तीसगढ़ की अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा और बाद में कांग्रेस प्रवक्ता नितिन भंसाली भी फंस चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब प्रशासन सुधार कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने में जुटा है।