दिल दहला देने वाली घटना, छत से गिरकर 7 वर्षीय बच्चे की मौत,परिवार में मातम

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक 7 वर्षीय मासूम की जान चली गई। चाचा के घर की छत पर खेलते समय बच्चा अचानक संतुलन खो बैठा और करीब 10 फीट नीचे जमीन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, प्रियांशु साहू अपने माता-पिता के साथ चाचा के घर गया हुआ था।

वह छत पर खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। गिरने के बाद परिजन तुरंत उसे धमतरी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और घर में मातम पसर गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पीएम कर परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि, छोटे बच्चों की सुरक्षा में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है।