IPL सट्टा रैकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, कैफे-दुकान से चल रहा था खेल, 6 सटोरिये गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई से अवैध सट्टा नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैफे और दुकानों को ऑनलाइन सट्टा संचालन का अड्डा बनाकर मैचों पर दांव लगवा रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, करीब 15 हजार रुपये नकद और डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि, आरोपी IPL मैचों के दौरान चौका, छक्का, विकेट और हार-जीत पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। मोबाइल एप और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए लेनदेन किया जा रहा था। पुलिस को गूगल पे ट्रांजेक्शन और मैच से जुड़े स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। सभी के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। एसएसपी ने साफ कहा है कि, IPL की आड़ में अवैध सट्टेबाजी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को रायगढ़ में अवैध ऑनलाइन जुए के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।