आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उमरिया के पास रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों युवक हाइवा के भारी पहियों के नीचे आ गए और उनकी पहचान तक करना मुश्किल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और खून व मलबे के कारण दृश्य बेहद भयावह हो गया। मृतक युवक होंडा बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, रेत से भरा हाइवा अत्यधिक तेज रफ्तार में था और नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि, रेत परिवहन करने वाले भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।
